गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी श्रद्धालु हरियाणा से सांवरिया सेठ और खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए निकले थे।
हादसे की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों एवं घायल की पहचान की। मृतकों में अरविंद अहीर (39), निवासी सिकंदरपुर, गुड़गांव (हरियाणा), बिन्दर अहीर (33), निवासी नाथूपुर, गुड़गांव (हरियाणा) और कैलाश चंद्र गुर्जर (34), निवासी पहेल, थाना बहरोड़, अलवर (राजस्थान) शामिल हैं। वहीं जितेंद्र अहीर (40), निवासी गुड़गांव, हरियाणा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायल का दावा- बिना लाइट और इंडिकेटर के खड़ा था ट्रक-
अस्पताल में उपचाररत घायल जितेंद्र अहीर ने बताया कि हादसा तड़के हुआ। उस समय तेज बारिश हो रही थी और चारों ओर अंधेरा था। उनके अनुसार एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक बिना इंडिकेटर या लाइट के खड़ा था। कम दृश्यता के कारण कार चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी।
पुलिस ने शुरू की जांच-
हादसे की सूचना मिलने पर गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तीनों मृतकों के शव सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखे गए हैं। परिजनों के गरोठ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंपे जाएंगे।