झाबुआ। जिले के पेटलावद तहसील अंतर्गत बामनिया चौकी क्षेत्र के ग्राम अमरगढ़ में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन के लिए सहेलियों के साथ तालाब पहुंची 12 वर्षीय बालिका की पानी में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चापानेर निवासी 12 वर्षीय पुष्पा मोहन गणावा गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अन्य बालिकाओं के साथ अमरगढ़ स्थित तालाब पहुंची थी। इसी दौरान वह अचानक तालाब के गहरे पानी में डूब गई। हादसा होते ही साथ मौजूद बालिकाओं ने ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद बालिका के शव को तालाब से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर बामनिया चौकी और खवासा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव और बालिका के परिवार में शोक का माहौल है।