शाजापुर। जिले के पोलायकलां मे अनंत चतुर्दशी के अवसर पर नगर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर देर रात 12 बजे तक चलता रहा। ढोल-नगाड़ों, डीजे और गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों के बीच श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक लेकर पहुंचे। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।
शाजापुर जिले के पोलायकलां में पिछले करीब कई वर्षों से गणेश विसर्जन के अवसर पर आकर्षक झांकियां निकालने की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष भी इंदौर की तर्ज पर नगर में विभिन्न गणेश मंडलों द्वारा भव्य एवं आकर्षक झांकियां सजाई गईं। झांकियों में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संदेशों को दर्शाया गया, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर रात तक सड़कों पर मौजूद रहे।
गणेश प्रतिमाओं के साथ निकली झांकियों का जगह-जगह स्वागत किया गया। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के बीच झूमते नजर आए। विसर्जन जुलूस के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार ने गणेश उत्सव समितियों और झांकी आयोजकों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रत्येक झांकी को 11 हजार रुपए का नगद पुरस्कार व छोटे मंडल को 1100 रुपए देने की घोषणा की। अध्यक्ष की इस पहल से झांकी आयोजकों में भी उत्साह नजर आया।
विसर्जन को लेकर प्रशासन और पुलिस द्वारा भी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए। विसर्जन स्थल पर अधिकारियों और पुलिस जवानों की मौजूदगी रही। देर रात तक गणेश प्रतिमाओं के पहुंचने और विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। कई वर्षों से चली आ रही झांकी की यह परंपरा इस बार भी नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही और गणपति बप्पा की विदाई के साथ पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।