नीमच। देश की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में शुमार नीमच कृषि उपज मंडी में तीन दिन के अवकाश के बाद सोमवार को लहसुन की बंपर आवक देखने को मिली। मंडी में करीब 12 हजार कट्टे लहसुन की आवक रही। बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे, जिसके चलते परिसर में दिनभर किसानों और व्यापारियों की चहल-पहल बनी रही।
कुछ क्वालिटी में 5 से 10 रुपए की तेजी-
लहसुन के भाव में बाजार का रुख मिलाजुला रहा। कुछ क्वालिटी के लहसुन के भाव में करीब 5 से 10 रुपए की तेजी दर्ज की गई, जिससे बेहतर गुणवत्ता का माल लेकर पहुंचे कुछ किसान संतुष्ट नजर आए। वहीं कमजोर क्वालिटी के लहसुन को उम्मीद के मुताबिक भाव नहीं मिलने से कुछ किसानों में मायूसी भी देखने को मिली। बेहतर क्वालिटी और अच्छी ग्रेड का माल लेकर पहुंचे किसानों को अपेक्षाकृत अच्छे भाव मिले, जबकि कमजोर क्वालिटी के माल में भाव कम रहने से किसानों को निराशा का सामना करना पड़ा।
बैंक हड़ताल को लेकर भी असमंजस-
इधर, बैंक हड़ताल को लेकर भी किसानों में असमंजस की स्थिति बनी रही। किसानों को उपज के भुगतान में देरी की आशंका थी। इसके चलते कुछ किसानों ने अपना माल मंडी में नहीं लाया।
कुल मिलाकर तीन दिन के अवकाश के बाद नीमच कृषि उपज मंडी में लहसुन की जोरदार आवक रही। हालांकि भाव में क्वालिटी के अनुसार अंतर होने से मंडी में कहीं खुशी तो कहीं मायूसी का माहौल देखने को मिला।