नीमच। कृषि उपज मंडी समिति नीमच ने मुख्य मंडी प्रांगण में कृषि उपजों की आवक-जावक को लेकर नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। 1 अक्टूबर 2026 से सभी कृषि उपजों का आगमन एवं निर्गमन गेट नंबर-4, औषधि मंडी-किलेश्वर रोड की ओर से किया जाएगा। मंडी प्रशासन ने यह निर्णय गेट नंबर-2 के सामने रेलवे ओवरब्रिज के कारण बनने वाले दुर्घटना संभावित क्षेत्र और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए लिया है।
वर्तमान में मूंगफली की पीक सीजन शुरू होने के कारण मंडी में आवक बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। मंडी सचिव ने इस संबंध में व्यापारियों, तुलावटियों, हम्मालों, टेम्पो चालकों और मंडी कर्मचारियों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
सुबह 9.30 बजे से होगी मूंगफली की नीलामी-
नई व्यवस्था के तहत 1 अक्टूबर से मूंगफली की नीलामी सुबह 9.30 बजे से वर्तमान औषधि मंडी की ओर निर्धारित स्थल से शुरू की जाएगी। ई-मंडी में वाहनों एवं उपज का प्रवेश सुबह 7.30 बजे से किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय पर नीलामी सुचारू रूप से शुरू हो सके।
जरूरत पड़ने पर आपसी सहमति के आधार पर हाईमास्ट लाइट की रोशनी में भी मूंगफली की नीलामी की जा सकेगी। यह व्यवस्था मूंगफली की आवक और नीलामी पूरी होने तक लागू रहेगी।
किसानों से अतिरिक्त हम्माली और टेम्पो भाड़ा नहीं लेने के निर्देश-
मंडी प्रशासन ने व्यापारियों, तुलावटियों, हम्मालों और टेम्पो चालकों से किसानों के साथ मधुर व्यवहार करने तथा किसान हित में कार्य करने का आग्रह किया है। निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कृषि जिंस में किसानों से अतिरिक्त हम्माली या अतिरिक्त टेम्पो भाड़ा नहीं लिया जाए।
व्यापारियों को अपने स्तर पर हम्मालों की व्यवस्था करने तथा टेम्पो का पूरा भाड़ा स्वयं वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
गेट नंबर-2 का उपयोग केवल आकस्मिक स्थिति में
मंडी प्रशासन के अनुसार, गेट नंबर-2 का उपयोग केवल ट्रैफिक जाम या मंडी में आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होने पर किया जाएगा। सामान्य परिस्थितियों में सभी कृषि उपजों की आवक-जावक गेट नंबर-4 से ही होगी।
मंडी सचिव ने 28 सितंबर 2026 को जारी आदेश में संबंधित सभी पक्षों से नई व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।