नीमच। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर गांव के ही घनश्याम नामक व्यक्ति पर अपनी नाबालिग बेटी सहित तीन बेटियों के साथ अभद्रता करने और दुष्कर्म की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 27 सितंबर की शाम करीब 6.30 बजे महिला की तीन बेटियां खेत से काम खत्म कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान श्मशान घाट के पास आरोपी ने कथित रूप से उनका रास्ता रोक लिया और अभद्र हरकत करने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और दुष्कर्म की धमकी दी। घटना से घबराकर तीनों बेटियां वहां से भाग गईं।
लोगों ने बीच-बचाव कर बच्चियों को बचाया-
महिला ने आवेदन में बताया कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर बच्चियों को बचाया। शिकायतकर्ता ने घटना का वीडियो भी मौजूद होने की बात कही है।
महिला का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वह कुकड़ेश्वर थाने पहुंची तो मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। आवेदन में पुलिस पर वीडियो डिलीट करने और शिकायत को दबाने का प्रयास करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपी घनश्याम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।