चित्तौड़गढ़। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत टाटा स्ट्राइव के सहयोग से संचालित चंदेरिया स्थित जिंक कौशल केंद्र में साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान सितंबर 2026 के अंतर्गत साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। साइबर थाना चित्तौड़गढ़ और कालिका यूनिट की टीम ने केंद्र के विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों से जुड़े 65 शिक्षार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा की जानकारी दी।
कार्यक्रम में साइबर थाना चित्तौड़गढ़ के पुलिस उप अधीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, थानाधिकारी सुमन कुमार, महिला कांस्टेबल सावित्री कुमारी एवं कालिका यूनिट की महिला कांस्टेबल दुर्गा ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय-
थानाधिकारी सुमन कुमार ने सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े जोखिम और इंटरनेट के माध्यम से होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शिक्षार्थियों को व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से सावधान रहने और ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बरतने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा पर जागरूक किया-
कालिका यूनिट की महिला कांस्टेबल दुर्गा ने महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और साइबर उत्पीड़न से बचाव के उपाय बताए। साथ ही महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर के सीएसआर हेड सुंदर राज, हेड सिक्योरिटी जी. मल्लेषम, जिंक कौशल केंद्र के प्रोजेक्ट मैनेजर राज कुमार खत्री, सेंटर मैनेजर अंकुश शर्मा सहित केंद्र के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। समापन पर सुंदर राज ने साइबर थाना एवं कालिका यूनिट की टीम का आभार व्यक्त किया।