नीमच। असरा वेलफेयर सोसायटी द्वारा 13वां प्रतिभा सम्मान समारोह एवं 21वीं तालीमी कॉन्फ्रेंस चित्तौड़गढ़ के निजी श्रीनाथ गार्डन में आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथियों ने सहभागिता कर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन प्रदान किया।
कार्यक्रम में अंजुमन सदर उदयपुर के मुख्तार अहमद कुरैशी, डॉ. वसीम खान (डायरेक्टर, टीएचजे ग्रुप), केबीसी विजेता ताज मोहम्मद रंगरेज, फतहनगर, शिक्षा प्रेरक एम.एम. शेख, हज्जन हलीमा ट्रस्ट, जयपुर की डॉ. दिलशाद शामी, डॉ. एम.के. पठान, महाराणा प्रताप कॉलेज के संचालक डॉ. उमर फारूख गौरी तथा समाजसेवी एवं भामाशाह हाजी मोहम्मद अली छीपा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
90 विद्यार्थियों का सम्मान-
कार्यक्रम में शहर की कम्युनिटी टॉपर अक्सा नीलगर को हज्जन हलीमा ट्रस्ट की ओर से 51 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। समाजजनों ने खड़े होकर बालिका का उत्साहवर्धन किया। वहीं 90 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। दो निर्धन बालिकाओं को 5100-5100 रुपए तथा एक बालिका को 1100 रुपए की सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं के 35, 12वीं के 23 तथा डिग्री, डिप्लोमा एवं अन्य क्षेत्रों के कुल 90 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के नामों की घोषणा इकरा फातिमा ने की, जिस पर उपस्थित समाजजनों ने तालियों से प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।
शिक्षा को लेकर दिया संदेश-
शहर काजी मुस्तफा साहब ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाकर उन्हें आगे की सफलता के लिए प्रेरित किया। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक नूरी ने समाज में दिखावे की रस्मों-रिवाज को कम कर शिक्षा के संस्थान स्थापित करने पर जोर दिया। असरा वेलफेयर सोसायटी की ओर से एम.एम. शेख को उनकी शैक्षणिक सेवाओं के लिए निशान-ए-इम्तियाज सम्मान प्रदान किया गया।
चार संस्थाओं को मिला विशेष सम्मान-
कार्यक्रम में समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली चार संस्थाओं को असरा स्पेशल अवार्ड प्रदान किए गए। फ्रेंड्स ग्रुप भीलवाड़ा को सामूहिक विवाह, दारुल उलूम गोसिया अजीजिया लोहारिया को बालिकाओं की शिक्षा, तिरंगा कमेटी चित्तौड़गढ़ को राष्ट्रीय भावना को बढ़ावा देने तथा अंजुमन तालीमुल इस्लाम उदयपुर को बालिकाओं की शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
संस्था के सहसचिव अमजद खान एवं नीदा खानम ने प्रतिभा सम्मान समारोह में सहयोग करने वाली संस्थाओं हज्जन हलीमा बेगम ट्रस्ट, हज्जन जाहिद बेगम फाउंडेशन चित्तौड़गढ़, तमन्ना-ए-तालीम सोसायटी सावा, शेख समाज वेलफेयर सोसायटी चित्तौड़गढ़ तथा सैय्यद साजिद अली उदयपुर का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।