उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार, 30 सितंबर को भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह पहुँचे। रिंकू सिंह ने तड़के होने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया।
जानकारी के अनुसार, क्रिकेटर रिंकू सिंह बुधवार तड़के उज्जैन पहुँचे थे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती के दर्शन किए। भस्म आरती के दौरान वे पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आए। आरती के पश्चात उन्होंने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन कर देश और अपनी सफलता के लिए आशीर्वाद माँगा।
मंदिर प्रबंध समिति ने किया स्वागत
महाकाल मंदिर में अतिथि के रूप में पहुँचे क्रिकेटर रिंकू सिंह का श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया गया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें भगवान महाकाल की तस्वीर, प्रसादी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।