चित्तौड़गढ़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। सप्ताह के दौरान वृद्धजन, अनुसूचित जाति, बालक, महिला एवं विशेष योग्यजन कल्याण के साथ जनचेतना एवं अपराधी सुधार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक चंद्रप्रकाश जीनगर ने बताया कि 1 अक्टूबर को वृद्ध कल्याण दिवस एवं समाज कल्याण सप्ताह के शुभारंभ के अवसर पर प्रातः 11 बजे इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम, चित्तौड़गढ़ में वरिष्ठजन सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं अनुसूचित जातियों के कल्याण दिवस के अवसर पर प्रातः 8ः30 बजे गांधी वाटिका, सेटेलाइट हॉस्पिटल, कलेक्ट्रेट चौराहा, चित्तौड़गढ़ में सर्वधर्म प्रार्थना सभा होगी।
3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस के तहत जिला कारागृह चित्तौड़गढ़ में विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस दौरान बंदियों की समस्याओं के समाधान तथा उन्हें परिजनों से मिलवाने संबंधी गतिविधियां की जाएंगी।
4 अक्टूबर को बाल कल्याण दिवस के अवसर पर सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह तथा गैर राजकीय बालगृहों में स्वास्थ्य परीक्षण एवं बाल कल्याण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष टीकाकरण, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता तथा निराश्रित बालकों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
5 अक्टूबर को महिला कल्याण दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महिला अधिकारिता विभाग की ओर से विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस के तहत जिले के शिक्षण संस्थानों, नशा मुक्ति केंद्रों तथा राजकीय एवं गैर राजकीय बाल देखरेख संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में गोष्ठियां एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
7 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस एवं समाज कल्याण सप्ताह के समापन के अवसर पर चंदेरिया स्थित श्री सांवलिया बहुउद्देशीय विकलांग विद्यालय में विशेष योग्यजन जागरूकता शिविर एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।