नीमच। बघाना उपक्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40 स्थित गट्टानी चाल के रहवासी लंबे समय से क्षतिग्रस्त नाले की समस्या से परेशान हैं। रहवासियों का आरोप है कि नाले का पानी निकासी के अभाव में वापस घरों की ओर आ जाता है, जिससे गंदगी और बदबू की स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय निवासी मोबिन हुसैन ने बताया कि गट्टानी चाल के पीछे स्थित नाला लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। नाले की उचित निकासी नहीं होने के कारण गंदा पानी वापस शौचालय एवं स्नानघर की ओर आने लगता है। इससे घरों में गंदगी और बदबू फैलने से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सफाई के बाद फिर बन जाती है समस्या-
रहवासियों के अनुसार नगर पालिका के सफाईकर्मी समय-समय पर नाले की सफाई करते हैं, लेकिन एक-दो दिन बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। उनका कहना है कि स्थायी समाधान के लिए क्षतिग्रस्त नाले का नए सिरे से निर्माण आवश्यक है।
रहवासियों ने बताया कि नाले के निर्माण और समस्या के समाधान को लेकर नगर पालिका के सीएमओ एवं वार्ड पार्षद नीरज अहीर को कई बार आवेदन देकर अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत की गई, लेकिन उनके अनुसार अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
नाले के नए निर्माण की मांग-
रहवासी इकबाल, रसीद, कमरुद्दीन, अंसार, मलिक, भूरा कुरैशी, शबाना, आशिया, आवेहा, खुर्शीद चाची, फेमिदा, सुफिया, बुशरा, शानु सहित अन्य ने नगर पालिका परिषद एवं क्षेत्रीय पार्षद से क्षतिग्रस्त नाले का नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि स्थायी रूप से नाले का निर्माण होने से गंदे पानी की समस्या से निजात मिल सकेगी और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी।