भोपाल। त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। 1 अक्टूबर 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में करीब 62.50 से 65 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। नई दरों के अनुसार भोपाल में सिलेंडर 2,815 रुपए, इंदौर में 2,919.50 रुपए और जबलपुर में 3,030 रुपए का हो गया है। वहीं ग्वालियर में 3,037 रुपए और उज्जैन में 2,976.50 रुपए कीमत दर्ज की गई है।
मध्यप्रदेश में रीवा में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,066 रुपए पहुंच गई है। इसके अलावा नरसिंहपुर और सतना में 3,063.50 रुपए, कटनी में 3,062.50 रुपए और पन्ना में 3,061 रुपए कीमत है। कई जिलों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3 हजार रुपए से अधिक हो गई है।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर-
14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 1 अक्टूबर को कोई बदलाव नहीं किया गया है। भोपाल में घरेलू सिलेंडर 947.50 रुपए, इंदौर में 970 रुपए और जबलपुर में 948.50 रुपए में मिल रहा है। ग्वालियर में इसकी कीमत 1,025.50 रुपए है।
होटल-रेस्टोरेंट का बढ़ सकता है खर्च-
कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ सकता है। रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार गैस की कीमत बढ़ने से संचालन लागत में इजाफा होता है, जिसका असर आने वाले समय में खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
शादी-कैटरिंग पर भी असर की संभावना-
त्योहारी सीजन के बाद शादी समारोहों का सीजन शुरू होने वाला है। कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से शादी समारोहों में भोजन तैयार करने की लागत बढ़ सकती है। इससे कैटरिंग के बजट पर भी असर पड़ने की संभावना है।
मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में कमर्शियल गैस के नए रेट
भोपाल: 2,815 रुपए
इंदौर: 2,919.50 रुपए
जबलपुर: 3,030 रुपए
ग्वालियर: 3,037 रुपए
उज्जैन: 2,976.50 रुपए
रीवा: 3,066 रुपए
सतना: 3,063.50 रुपए
नरसिंहपुर: 3,063.50 रुपए
कटनी: 3,062.50 रुपए
पन्ना: 3,061 रुपए