उज्जैन। छत्री चौक पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान मीनार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक, मीनार को हटाने के लिए दो क्रेन की मदद ली जा रही थी। इसी दौरान क्रेन का बेल्ट टूट गया, जिससे मीनार का हिस्सा नीचे गिर गया और क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के कार्य में मस्जिद के प्रभावित हिस्से में क्षति हुई है, लेकिन जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति मलबे में फंसा हुआ भी नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन सभी धर्मों और समाज के प्रमुख लोगों से बातचीत कर रहा है। साथ ही भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।