कसरावद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडलेश्वर एवं जनपद पंचायत कसरावद के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम खलबुजुर्ग स्थित आशा निकेतन वृद्ध आश्रम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर, विधिक साक्षरता एवं वृद्ध सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री प्रीति जैन ने उपस्थित वृद्धजनों को निःशुल्क विधिक सहायता, पेंशन, संपत्ति एवं भरण-पोषण से संबंधित कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों को फल एवं बिस्किट का वितरण भी किया।
वहीं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अधिकारी खरगोन राजेश शाक्य एवं जनपद पंचायत सीईओ रीना किराड़े द्वारा सभी वृद्धजनों का पुष्पमाला, शाल एवं श्रीफल से आत्मीय स्वागत किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में कसरावद ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. संतोष बडोले एवं उनकी टीम द्वारा सभी वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बीपी, शुगर सहित सामान्य जांच के साथ उचित परामर्श दिया गया एवं आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।
इस अवसर पर वृद्ध आश्रम संचालक गजेंद्र बजाज द्वारा सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता लाना रहा। वृद्धजनों ने आयोजन के लिए सभी अतिथियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।