नीमच। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, नीमच परिसर में चल रहे उन्नयन एवं निर्माण कार्यों का विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न निर्माणाधीन कक्षों एवं सुविधाओं का जायजा लेते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि उन्नयन कार्य पूर्ण होने के बाद रेड क्रॉस परिसर में निवासरत वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा। परिसर में विभिन्न कक्षों के साथ ऑडियोमेट्री जांच केंद्र सहित अन्य सुविधाओं का भी उन्नयन किया जा रहा है।
दिव्यांगजनों के लिए विकसित होगा स्किल सेंटर-
कलेक्टर ने बताया कि परिसर में स्किल सेंटर भी विकसित किया जाएगा। यहां दिव्यांगजनों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इससे उनके कौशल विकास के साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. स्वप्निल वाधवा सहित जनप्रतिनिधि एवं रेड क्रॉस परिसर का स्टाफ उपस्थित रहा।