खरगोन। जिले के छोटी खरगोन गांव में गुरुवार सुबह एक 52 वर्षीय व्यक्ति पर धारदार हथियार फालिया से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम छोटी खरगोन निवासी गंगाराम उर्फ गंगू वर्मा, उम्र 52 वर्ष, सुबह करीब 7 बजे रोज की तरह अपनी दुकान खोलने के लिए गया था। इसी दौरान गांव के ही 28 वर्षीय राजू खेड़दें ने कथित तौर पर उस पर फालिया से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने गंगाराम पर तीन से चार वार किए, जो गर्दन, मुंह और कंधे पर लगे। हमले में गंगाराम गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को मंडलेश्वर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।
फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।