नीमच। जिला पंचायत नीमच के अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान ‘शिवाजी’ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर स्वर्गीय श्री खुमानसिंह जी ‘शिवाजी’ सागर बांध में पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत गांधीसागर-2 समूह जल प्रदाय योजना की पाइपलाइन के माध्यम से बांध में पानी पहुंचाने का अनुरोध किया है।
पत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने बांध में कम जलभराव को लेकर चिंता जताई। उनके अनुसार बांध से करीब 2500 हेक्टेयर क्षेत्र में कृषि सिंचाई होती है। वर्तमान में बांध में लगभग 7.00 MCM पानी उपलब्ध है, जबकि इसकी जीवित जलभराव क्षमता 16.57 MCM है।
उन्होंने बताया कि बांध के पानी का उपयोग कृषि सिंचाई के साथ नीमच शहर में पेयजल आपूर्ति और क्षेत्र के उद्योगों के लिए भी किया जाता है। ऐसे में मौजूदा जलस्तर को देखते हुए किसानों, शहरवासियों और उद्योगों के सामने पानी को लेकर चिंता बनी हुई है।
सज्जनसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि गांधीसागर-2 समूह जल प्रदाय योजना की पाइपलाइन के जरिए बांध में पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा, वहीं नीमच शहर की पेयजल व्यवस्था और उद्योगों की जरूरत भी पूरी करने में मदद मिलेगी।