निंबाहेड़ा। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं की परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर रजा एजुकेशन की ओर से निःशुल्क पुस्तक वितरण एवं परीक्षा मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन 4 अक्टूबर 2026, रविवार को सुबह 9 बजे पुराने नूर महल परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन देने के साथ परीक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रजा एजुकेशन के अध्यक्ष मोहम्मद फारूक करेंगे।
संस्था की ओर से कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी ‘कर्तव्य बुक’ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के लिए अब तक 170 विद्यार्थियों का पंजीयन हो चुका है। संस्था के अनुसार यह उसका छठा निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम है।
विशेषज्ञ बताएंगे परीक्षा में सफलता के गुर-
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ से अमजद साहब विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। वे प्रश्नों को सही तरीके से समझने, उत्तर लिखने की रणनीति और कम समय में प्रभावी ढंग से प्रश्न हल करने से जुड़े उपयोगी टिप्स देंगे।
वहीं सिद्दीक नूरी साहब मोटिवेशनल संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और समय के सदुपयोग के लिए प्रेरित करेंगे। परीक्षा के दौरान तनाव से बचने तथा सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
तिलावत-ए-कुरआन से होगा कार्यक्रम का शुभारंभ-
कार्यक्रम की शुरुआत मौलाना युसूफ निजामी साहब की तिलावत-ए-कुरआन से होगी। इसके बाद रजा एजुकेशन के अध्यक्ष मोहम्मद फारूक अतिथियों का स्वागत करेंगे। वे विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और जीवन में सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश देंगे।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने और उन्हें बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में संस्था लगातार प्रयास कर रही है। संस्था का उद्देश्य आर्थिक कारणों से किसी विद्यार्थी की शिक्षा प्रभावित न हो तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
शिक्षाविद और गणमान्य नागरिक होंगे शामिल-
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी सामाजिक एवं गणमान्य हस्तियां, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल होंगे तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
कॉपी-पेन साथ लाने की अपील-
रजा एजुकेशन ने सभी पंजीकृत विद्यार्थियों से 4 अक्टूबर को सुबह 9 बजे पुराने नूर महल परिसर में समय पर पहुंचने तथा अपने साथ कॉपी और पेन लाने की अपील की है, ताकि विशेषज्ञों द्वारा दिए जाने वाले महत्वपूर्ण परीक्षा संबंधी टिप्स और मार्गदर्शन को नोट किया जा सके।
संस्था ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।