इंदौर। खड़े हनुमान मंदिर को लेकर शनिवार को मंदिर समिति और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के पुजारी महेश बैरागी के निज निवास पर खड़े हनुमान मंदिर समिति के सदस्य आशीष चौहान की मौजूदगी में मंदिर से जुड़े विषय पर चर्चा हुई।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद मालवा प्रांत के संगठन महामंत्री संजय यादव ने बैठक के दौरान पुजारी महेश बैरागी की मौजूदगी में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया से फोन पर मंदिर के विषय में चर्चा की।
संजय यादव के अनुसार, बातचीत के दौरान डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने आश्वासन दिया कि खड़े हनुमान मंदिर यथास्थान रहेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर हिंदू आस्था का केंद्र है और इसकी रक्षा के लिए संगठन, हिंदू समाज एवं वे स्वयं साथ खड़े हैं।
उन्होंने पुजारी को आश्वस्त करते हुए कहा कि मंदिर के संबंध में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल, उज्जैन जिला और मालवा प्रांत के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हरसंभव सहयोग के लिए साथ हैं।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद मालवा प्रांत के संगठन महामंत्री संजय यादव, राष्ट्रीय बजरंग दल उज्जैन जिला अध्यक्ष आकाश माली और खड़े हनुमान मंदिर समिति के सदस्य आशीष चौहान मौजूद रहे। बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने मंदिर की रक्षा एवं सम्मान के लिए सहयोग का संकल्प लिया। उक्त जानकारी राष्ट्रीय बजरंग दल उज्जैन जिला अध्यक्ष आकाश माली ने दी।