नीमच। जिले की सरवानिया चौकी क्षेत्र के ग्राम लासूर धामनिया में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर काम कर रहे 50 वर्षीय किसान गणेश धनगर को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5.30 बजे गणेश धनगर अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। किसान गणेश धनगर की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे लासूर धामनिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई।