नीमच। ग्वालटोली क्षेत्र में शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में ग्राम बामनिया निवासी 40 वर्षीय कारूलाल भील गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा ग्वालटोली क्षेत्र में वर्मा कांटे के सामने निर्माणाधीन सिटी फोरलेन सड़क पर हुआ। कारूलाल पिता भंवरलाल, निवासी ग्राम बामनिया, नीमच सिटी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें कारूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृतक की तीन बेटियां हैं।
शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। वहीं, नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों मोटरसाइकिलों से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।