मनासा। मनासा क्षेत्र में ग्राम चपलाना और बड़कुआ के बीच रामदेवजी मंदिर के पास सोमवार को एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार 10 लोग घायल हो गए। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। सभी घायल रतन पिपलिया, तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रतन पिपलिया से मालवीय समाज के लोग तूफान वाहन से भमेसर में आयोजित गमी के कार्यक्रम एवं अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान चपलाना-बड़कुआ के बीच रामदेवजी मंदिर के पास अंधे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल-112 में तैनात पायलट राहुल भट्ट एवं अजय प्रताप सिंह ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया।
प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को गंभीर चोटें होने के कारण नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।