चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के सभापति अनिल ईनाणी ने सोमवार को नगर परिषद में ठेकेदारों के साथ बैठक कर शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ठेकेदारों को सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
सभापति ईनाणी ने कहा कि सड़क निर्माण से पहले संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक भूमिगत लाइनें, पाइपलाइन एवं अन्य अंडरग्राउंड कार्य पूर्ण किए जाएं। इसके बाद ही सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में बार-बार सड़क की खुदाई और पेचवर्क की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि सड़क, नाली सहित अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाएगा।
सभापति ने ठेकेदारों को शहर में चल रहे सड़क निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।