कुकड़ेश्वर। नगर में सोमवार से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बंद होने के कारण प्रमुख मार्गों और व्यस्ततम चौराहों पर रात के समय अंधेरा छाया हुआ है। स्ट्रीट लाइट बंद रहने से आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों के चलते बाजारों में देर रात तक आवाजाही रहने से समस्या और बढ़ गई है।
वर्तमान में क्षेत्र में खेतों में फसल निकालने का कार्य भी चल रहा है। किसान देर रात तक खेतों में काम करने के बाद घर लौटते हैं। ऐसे में नगर के प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से किसानों के साथ-साथ महिला, पुरुष और बच्चों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। नागरिकों का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से भी नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का सुचारू रहना जरूरी है।
नगरवासियों मुकेश, दिलीप, प्रमोद आदि ने बताया कि त्योहारों के कारण बाजारों में भीड़भाड़ रहती है और देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में स्ट्रीट लाइट बंद होने से दुर्घटना के साथ असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
डीटीआर जलने से प्रभावित हुई व्यवस्था-
विद्युत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हायर सेकेंडरी स्कूल के पास लगी दो 200 केवीए डीटीआर में से एक डीटीआर जल जाने के कारण स्ट्रीट लाइट व्यवस्था प्रभावित हुई है। विभाग द्वारा डीटीआर बदलने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार डीटीआर बदलते ही नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पुनः शुरू कर दी जाएगी।
नगरवासियों को उम्मीद है कि त्योहारों और वर्तमान में चल रहे कृषि कार्य को देखते हुए विद्युत विभाग जल्द व्यवस्था बहाल करेगा, ताकि प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पर्याप्त रोशनी हो सके और आमजन को राहत मिले।