नीमच। बिसलवास कलां के समीप मंगलवार दोपहर बिजली पोल पर काम कर रहे एक कर्मचारी की अचानक बिजली सप्लाई चालू होने से करंट लगने के बाद पोल से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रताप सिंह पुत्र भंवर सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी अंबावली महल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन शव लेकर बिजली कार्यालय के बाहर पहुंचे और मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था।
जानकारी के अनुसार प्रताप सिंह पिछले करीब 10 वर्षों से बिजली विभाग में कच्चे तौर पर कार्य कर रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद थी। इसी दौरान प्रताप सिंह बिसलवास कलां के समीप बिजली पोल पर कार्य कर रहा था। दोपहर करीब 2रू30 बजे अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिससे उसे करंट लग गया और वह पोल से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन शव को लेकर टीआईटी कॉलोनी के समीप गोमाबाई रोड स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
करणी सेना के प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया कि मृतक लंबे समय से बिजली विभाग में कार्य कर रहा था। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
खबर लिखे जाने तक बिजली कार्यालय के बाहर परिजनों का प्रदर्शन जारी था।