सरवानिया महाराज। नगर परिषद के जलप्रदाय विभाग में कार्यरत कर्मचारी महेश धनगर का बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवारजनों, रिश्तेदारों, सहकर्मियों, समाजजनों एवं क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार महेश धनगर को तीन दिन पहले अचानक ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद नीमच के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर मंगलवार सुबह उन्हें उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान देर रात उनका निधन हो गया।
महेश धनगर, श्यामलाल धनगर के भांजे, नितेश धनगर के छोटे भाई एवं सूरज धनगर के बड़े भाई थे। वे नगर परिषद के जलप्रदाय विभाग में कार्यरत थे और सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों के बीच परिचित थे।
प्राचीन मुक्तिधाम में हुआ अंतिम संस्कार-
महेश धनगर की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे उनके निजी निवास से निकली, जो नगर के प्राचीन मुक्तिधाम पहुंची। यहां परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम यात्रा एवं अंत्येष्टि में बड़ी संख्या में परिवारजन, रिश्तेदार, नगर परिषद के कर्मचारी, समाजजन एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए और दिवंगत महेश धनगर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।