नीमच। पीजी कॉलेज के समीप बुधवार दोपहर नाकोड़ा फर्नीचर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गोदाम से आग की विकराल लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया। आग और धुएं का मंजर देखकर मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि गोदाम में करीब एक करोड़ रुपये का स्टॉक रखा हुआ था। इसके अलावा यहां मशीनरी और करीब 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में शेड बना हुआ था। आग की चपेट में आने से स्टॉक, मशीनरी और शेड को भारी नुकसान होने की आशंका है।
गोदाम मालिक दीपक भंडारी ने बताया कि वे बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे फैक्ट्री से निकले थे। इसके बाद वे घर जाकर खाना खाने लगे और कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि फैक्ट्री में आग लग गई है।
दीपक भंडारी के अनुसार, आग लगने की घटना करीब साढ़े 12 बजे की होगी। उन्होंने आशंका जताई कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। उनका कहना है कि जब वे फैक्ट्री से निकले थे, तब सब कुछ सामान्य था। फैक्ट्री से निकलने से पहले उन्होंने पूरे परिसर की जांच भी की थी।
भीषण आग के कारण गोदाम में रखा स्टॉक, मशीनरी और शेड सहित अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। प्रारंभिक तौर पर 5 से 6 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।