चित्तौड़गढ़/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को चित्तौड़गढ़ जिले के आक्या गांव पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक चंद्रभान सिंह के पिता स्व. राम सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने स्व. राम सिंह चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने विधायक चंद्रभान सिंह सहित शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, पंचायती राज, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन तथा नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, संभागीय आयुक्त खजान सिंह, आईजी गौरव श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।