नीमच। मालवा-मेवाड़ के समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा ने बुधवार को उदयपुर पहुंचकर मेवाड़ राजपरिवार के ऐतिहासिक निवास पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मुलाकात कर दिवंगत विजयराज कुमारी मेवाड़ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
इस दौरान अरुल अरोरा ने दिवंगत विजयराज कुमारी मेवाड़ के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में मेवाड़ राजपरिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
अरुल अरोरा ने कहा कि विजयराज कुमारी का निधन राजपरिवार के साथ-साथ उनसे जुड़े लोगों और समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में वे विशेष रूप से नीमच से उदयपुर पहुंचकर राजपरिवार के साथ अपनी संवेदनाएं साझा करने आए हैं।
पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अरोरा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से शोक संतप्त मेवाड़ राजपरिवार एवं दिवंगत विजयराज कुमारी के चाहने वालों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मुलाकात के दौरान अरुल अरोरा और डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के बीच काफी देर तक चर्चा हुई। इस दौरान राजपरिवार के निवास पर माहौल भावुक और गमगीन रहा।