नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया बोराना में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जहरीले जानवर के काटने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम अरनिया बोराना निवासी घनश्याम पिता कन्हैयालाल, उम्र करीब 35 वर्ष, रात के समय अपने निजी मकान पर मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे अचानक किसी जहरीले जानवर ने उन्हें काट लिया। जहरीले जानवर के काटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन तत्काल घनश्याम को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, उपचार के दौरान घनश्याम की मौत हो गई।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के शव का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।