शामगढ़। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग कर रही कांग्रेस ने बुधवार को शामगढ़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के शांतिपूर्ण मार्च को रोके जाने के विरोध में देशभर में किए जा रहे प्रदर्शन के क्रम में ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने 8 अक्टूबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला और सब्जी मंडी चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।
कार्यक्रम की शुरुआत शिव हनुमान मंदिर के सामने स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। मार्च स्टेशन रोड, सिनेमा रोड और आड़ा बाजार से होते हुए सब्जी मंडी चौराहे पर पहुंचा।
जमकर की नारेबाजी-
सब्जी मंडी चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित ‘वोट चोरी’ और लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के आरोपों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात-
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर सिंह पंवार और शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. शौकत मंसूरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मताधिकार सर्वाेपरि है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े सवालों पर निर्वाचन आयोग को जवाबदेही तय करनी चाहिए और उचित कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
ये रहे मौजूद-
विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर सिंह पंवार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. शौकत मंसूरी, मेहन्द्र पोरवाल, प्रमोद फरक्या, पंकज मुजावदिया, पवन पाण्डेय, बबलू मेव, गोपाल पटेल, जगदीश मेहता, शाजिया खान, इकबाल शाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।