नीमच। विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी प्रतापसिंह पिता भंवरसिंह शक्तावत (35), निवासी अमावली महल, की विद्युत पोल पर कार्य करते समय करंट लगने से हुई मौत के बाद प्रदर्शन के मामले में केंट थाना पुलिस ने करणी सेना प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर सहित 6 व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विद्युत कार्यालय के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया था।
पुलिस के अनुसार, विद्युत विभाग के इंजीनियर रविकांत रंजन ने केंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि प्रदर्शनकारियों से स्थिति नियंत्रित करने के लिए चर्चा करने पहुंचे तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की गई। साथ ही थप्पड़ मारने और विद्युत कार्यालय में आगजनी करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर केंट थाना पुलिस ने जीवनसिंह शेरपुर सहित 6 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी), 224, 196(बी), 351(2), 196(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इधर, करणी सेना के जिला प्रमुख विक्की बना बांगरेड़ ने बताया कि इस मामले को लेकर शुक्रवार दोपहर 12 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अधीक्षण यंत्री के खिलाफ ज्ञापन सौंपा जाएगा।