चित्तौड़गढ़। लायंस क्लब चित्तौड़गढ़ गोल्ड की ओर से जीवदया कार्यक्रम के तहत लालजी का खेड़ा स्थित नंदिनी गौशाला में गोसेवा की गई। इस दौरान गायों को गुड़ खिलाया गया तथा गौशाला के लिए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चारा भेंट किया गया।
क्लब के कोषाध्यक्ष लायन दीपक वैष्णव ने बताया कि क्लब अध्यक्ष लायन संजय इटोदिया के जन्मदिवस को सेवा एवं जीवदया से जोड़ते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब के सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गायों को गुड़ खिलाया और चारा भेंट किया। साथ ही गौशाला में उपचाररत गायों की देखभाल एवं सार-संभाल की। क्लब की ओर से जरूरत पड़ने पर गौशाला को हरसंभव सहयोग देने का निर्णय भी लिया गया।
नंदिनी गौशाला प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए लायंस क्लब के सभी सदस्यों का स्वागत किया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष संजय इटोदिया, कोषाध्यक्ष दीपक वैष्णव, नरेश नाहर, विष्णु सोनी, सीपी शर्मा, गोविंद चावला, विजय साहू सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।