नीमच। विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी प्रतापसिंह पिता भंवरसिंह शक्तावत (35), निवासी अमावली महल, की विद्युत पोल पर काम करते समय करंट लगने से मौत के मामले में अब घटनाक्रम तेज हो गया है। करणी सेना के पदाधिकारी शुक्रवार को अधीक्षण यंत्री के खिलाफ ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्टोरेट पहुंचे हैं।
कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विद्युत कार्यालय के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के मामले में केंट थाना पुलिस ने करणी सेना प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर सहित छह व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
इंजीनियर की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला-
पुलिस के अनुसार, विद्युत विभाग के इंजीनियर रविकांत रंजन ने केंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति नियंत्रित करने पहुंचे इंजीनियर के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की गई। साथ ही थप्पड़ मारने और विद्युत कार्यालय में आगजनी करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जीवनसिंह शेरपुर सहित छह व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी), 224, 196(बी), 351(2), 196(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अधीक्षण यंत्री के खिलाफ ज्ञापन-
इधर, करणी सेना के जिला प्रमुख विक्की बना बांगरेड़ ने अधीक्षण यंत्री के खिलाफ ज्ञापन देने की जानकारी दी थी। इसी क्रम में करणी सेना के पदाधिकारी कलेक्टोरेट पहुंचे हैं। ज्ञापन में कर्मचारी की मौत के मामले को लेकर अपनी मांगें और पक्ष प्रशासन के समक्ष रखे जाने की बात है।