गोगावा/नागझिरी। दशोरा नागर समाज में पितृभक्ति, धार्मिक आस्था और पूर्वजों के प्रति श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। पूर्वजों की आत्मिक शांति और पुण्य स्मृति में समाज के दो वरिष्ठ परिवारों द्वारा संगीतमय धार्मिक कथाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों से दोनों गांवों का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
गोगावा में वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र गुप्ता द्वारा संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है, वहीं नागझिरी में विनोद भाई बाबूलाल गुप्ता के परिवार की ओर से संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ आयोजित किया जा रहा है। दोनों स्थानों पर श्रद्धालु कथा श्रवण कर धर्मलाभ ले रहे हैं तथा पूर्वजों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
इस पावन अवसर पर दशोरा नागर समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र बाबूलाल मंडलोई सपत्नीक एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी निर्मल गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित हुए। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मंडलोई ने गोगावा में शिव महापुराण कथा के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, नागझिरी में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान व्यासपीठ का पूजन कर कथा श्रवण किया।
इस दौरान आयोजनकर्ता परिवारों की ओर से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मंडलोई एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी निर्मल गुप्ता का पुष्पमाला, शाल और श्रीफल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। धार्मिक आयोजनों में दशोरा नागर समाज के बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
समाजजनों ने आयोजनकर्ता परिवारों के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, पारिवारिक संस्कारों और धार्मिक परंपराओं को सहेजने का अनुकरणीय उदाहरण बताया।