नयागांव। इंडियन नेशनल सीमेंट वर्क्स फेडरेशन की 224वीं बैठक हैदराबाद में संपन्न हुई। बैठक में इस बार भी सीमेंट श्रमिक संघ इंटक को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। निमंत्रण स्वीकार करते हुए विक्रम सीमेंट वर्क्स, खोर की ओर से सीमेंट श्रमिक संघ इंटक के पदाधिकारी शिवकुमार त्रिपाठी, मनोज कुमार जायसवाल, मोहनलाल पटेल, दिनेश चंद्र शर्मा एवं ललित कुमार पाटीदार शामिल हुए।
बैठक में सीमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (सीएमए) के साथ हुई पिछली दो बैठकों में उठाए गए मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, आगामी 26 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में होने वाली बैठक के लिए श्रमिकों से जुड़ी विभिन्न मांगों को फेडरेशन के एजेंडे में शामिल किया गया।
श्रमिकों के हितों से जुड़ी प्रमुख मांगें-
फेडरेशन के एजेंडे में सभी सीमेंट श्रमिकों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की मांग प्रमुखता से शामिल है। इसके अलावा वेज बोर्ड के निर्णय के तहत मिलने वाली राशि, जो वर्तमान में दो किस्तों में दी जाती है, उसे एकमुश्त देने की मांग की गई।
बैठक में वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट), नाइट शिफ्ट अलाउंस और अन्य भत्तों में जल्द बढ़ोतरी करने तथा ठेका श्रमिकों को स्थायी श्रमिकों के समान सुविधाएं एवं अधिकार दिलाने से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए।
फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीव रेड्डी एवं महासचिव देवराज सिंह ने बताया कि विक्रम सीमेंट के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को मांगपत्र (डिमांड चार्टर) में शामिल कर लिया गया है। आगामी बैठक में इन मांगों पर आगे चर्चा कर उन्हें लागू करवाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।