नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के जावी-बोरखेड़ी मार्ग पर देर रात करीब 10 बजे कार और बाइक की भिड़ंत में कांग्रेस नेता अभिषेक मालू की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक मालू को मृत घोषित कर दिया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सरवानिया महाराज निवासी 40 वर्षीय अभिषेक मालू (पिता बंशीलाल मालू) और 48 वर्षीय लक्ष्मी नारायण उर्फ पप्पू पाल (पिता बाबूलाल पाल) बाइक से नीमच से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जावी-बोरखेड़ी मार्ग पर एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अभिषेक मालू को मृत घोषित कर दिया, जबकि लक्ष्मी नारायण उर्फ पप्पू पाल का उपचार जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही किसान नेता राजकुमार अहीर सहित सरवानिया महाराज क्षेत्र के ग्रामीण और परिजन बड़ी संख्या में जिला चिकित्सालय पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।