मल्हारगढ़। अफीम नीति 2026-27 की घोषणा में देरी से मालवा क्षेत्र के अफीम उत्पादक किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस मुद्दे पर किसान नेता एवं मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे श्यामलाल जोकचंद ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं के समाधान और नीति में बदलाव की मांग की है।
जोकचंद ने मांग की कि अफीम नीति जल्द घोषित की जाए, सीपीएस पद्धति के पट्टों की व्यवस्था बंद कर पात्र किसानों को पारंपरिक पद्धति से खेती के लिए 10 आरी के पट्टे दिए जाएं। साथ ही, नए पात्र किसानों को भी लाइसेंस जारी करने की मांग की गई है।
उन्होंने अफीम का भाव बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति किलो करने और फसल को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए फसल बीमा योजना लागू करने की मांग भी उठाई।
डोडाचूरा नीति में बदलाव की मांग-
किसान नेता ने डोडाचूरा की खरीद एक लाख रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने तथा उसकी नीति में संशोधन की मांग की। उन्होंने डोडाचूरा में मॉर्फिन की मात्रा 0.2 प्रतिशत से कम होने की स्थिति में उसे एनडीपीएस एक्ट के दायरे से बाहर रखने का मुद्दा भी पत्र में उठाया।
जोकचंद ने कहा कि समय पर अफीम नीति घोषित होने और किसानों की मांगों पर निर्णय लिए जाने से खेती की तैयारियों में सुविधा मिलेगी तथा किसानों की अनिश्चितता दूर हो सकेगी। अब किसानों की नजर केंद्र सरकार के निर्णय पर टिकी है।