गरोठ-भानपुरा। शारदीय नवरात्रि पर्व की शुरुआत के साथ ही जिले के प्रसिद्ध दुधाखेड़ी माताजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
इसी क्रम में गरोठ एसडीएम राहुल चौहान, एसडीओपी विजय यादव, तहसीलदार मुकेश निगम और भानपुरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर समिति के सदस्यों, पुजारियों और उपस्थित श्रद्धालुओं से चर्चा कर दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी को शारदीय नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और पर्व को शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
नवरात्रि के पावन अवसर पर दुधाखेड़ी माताजी मंदिर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीम व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है।