मंदसौर। एचआईवी/एड्स के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से देशभर में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी एवं नोडल अधिकारी डॉ. निशांत शर्मा के मार्गदर्शन में दलोदा में जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली दलोदा रेलवे स्टेशन से शुरू होकर चौपाटी होते हुए पुनः रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में छात्राओं ने बैनर, तख्तियों और नारों के माध्यम से आमजन को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया। इस दौरान “एड्स का ज्ञान बचाए जान” और “एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ भेदभाव न करें” जैसे संदेश दिए गए।
अभियान के दौरान लोगों से एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करने तथा सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 पर संपर्क करने की अपील की गई। रैली का उद्देश्य बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव समाप्त करने का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर राजेश रजक, अमित गोले, शिवम पवार, मिरेकल कॉलेज के शिक्षक एवं विद्यार्थी तथा आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दलोदा पुलिस ने भी रैली के आयोजन में सहयोग प्रदान किया। अंत में स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजेश रजक ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।