माउंट आबू। पर्यटन नगरी माउंट आबू में 11 दिवसीय दशहरा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। रामलीला समिति माउंट आबू एवं नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत रामलीला मैदान में रामायण की महाआरती के साथ की गई।
शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, उपाध्यक्ष विशाल बंसल, नगर पालिका मंडल के अन्य सदस्य, रामलीला समिति अध्यक्ष मांगीलाल काबरा, सचिव के.के. बारासैनी सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने रामायण की महाआरती में भाग लेकर महोत्सव का शुभारंभ किया।
आयोजन के तहत आगामी 11 दिनों तक उदयपुर की रामलीला मंडली द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस दौरान जाने-माने अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
दशहरा महोत्सव के माध्यम से माउंट आबू में 11 दिनों तक धार्मिक, सांस्कृतिक और भक्ति से जुड़े विविध आयोजन होंगे।