चित्तौड़गढ़। भारत की प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनियों में शामिल न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने अपने दस साल के सफर का जश्न मनाया। कंपनी इस उपलब्धि को ‘दस साल बेमिसाल’ थीम के तहत मना रही है। यह थीम कंपनी के विकास, नवाचार, साहसिक व्यावसायिक फैसलों और कर्मचारियों के योगदान को दर्शाती है। कंपनी का कहना है कि इस सफर की प्रत्येक उपलब्धि ने सुरक्षित, स्मार्ट और टिकाऊ दुनिया बनाने के उसके लक्ष्य को मजबूती दी है।
न्युवोको के सफर की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई, जब इसकी पैरेंट कंपनी निरमा ग्रुप ने राजस्थान के निंबोल में 2 एमएमटीपीए क्षमता वाले सीमेंट प्लांट में उत्पादन शुरू किया। एक प्लांट से शुरू हुआ यह सफर आज सीमेंट, रेडी-मिक्स कंक्रीट और आधुनिक निर्माण सामग्री के कारोबार तक पहुंच चुका है।
कंपनी के विकास में अक्टूबर 2016 एक अहम पड़ाव रहा, जब न्युवोको ने लाफार्ज इंडिया का अधिग्रहण पूरा किया। इस कदम से कंपनी के कारोबार का विस्तार हुआ और उसकी वर्तमान पहचान की नींव मजबूत हुई। इसके बाद न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड के रूप में कंपनी ने अपनी अलग पहचान बनाई और कर्मचारियों, ग्राहकों तथा व्यावसायिक साझेदारों के बीच एक मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित होने की दिशा में आगे बढ़ी।
वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान कंपनी ने इमामी सीमेंट का अधिग्रहण किया। इसके बाद वर्ष 2021 में कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई, जिससे उसके विकास का एक नया दौर शुरू हुआ। अप्रैल 2025 में वडराज सीमेंट को कारोबार में शामिल करने से पश्चिमी भारत में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत हुई।
मजबूत नींव पर आगे बढ़ने का लक्ष्य-
इस उपलब्धि पर न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड के चेयरमैन हिरेन पटेल ने कहा कि ‘दस साल बेमिसाल’ का जश्न कंपनी के सफर, साहसिक फैसलों, दूरदर्शी सोच और पूरी टीम की मेहनत का प्रतीक है। निंबोल में शुरुआत से लेकर आज की न्युवोको तक, हर उपलब्धि ने कंपनी के विकास में नया अध्याय जोड़ा है और लंबे समय तक मजबूत संस्थान बनाने के उसके विश्वास को और मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि अगले दशक में कंपनी इसी मजबूत नींव पर आगे बढ़ते हुए नवाचार, टिकाऊ विकास और बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करेगी। साथ ही, ऐसा कार्यस्थल बनाने का प्रयास जारी रहेगा, जहां कर्मचारी गर्व के साथ काम कर सकें, अपने कौशल को निखारें और करियर में आगे बढ़ें।
पटेल ने कहा कि ‘दस साल बेमिसाल’ अब तक की उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी के विकास के महत्वपूर्ण अध्याय अभी आगे आने बाकी हैं।