खरगोन। नवरात्र उत्सव के साथ ही शहर में गरबा की धूम शुरू हो गई है। ज्योति नगर में भव्य दुर्गा पंडाल और माता की मनोहारी प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। समिति अध्यक्ष इंजी. नितिन मालवीय ने सपत्नीक पूजा-अर्चना कर माता की स्थापना की और महाआरती की।
प्रतिमा स्थापना के बाद नन्हीं बालिकाओं ने गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर माता की आराधना की। समिति के प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने बताया कि ज्योतेश्वर महादेव मंदिर में बालिकाएं, युवतियां और महिलाएं पारंपरिक गरबा-डांडिया के जरिए मां अंबे की आराधना कर रही हैं।
श्रीनू इलेक्ट्रिक कंपनी के कारीगरों ने राजमहल थीम पर आकर्षक पंडाल तैयार किया है, जो रात में दूधिया रोशनी से जगमगा उठता है। इसकी भव्य सजावट देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।