चित्तौड़गढ़। महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से आयोजित नवरात्रि डांडिया महोत्सव ‘जयकारा-2026’ का शुभारंभ पहले ही दिन भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। नवरात्रि के प्रथम दिन माता की घट स्थापना विधि-विधान से पंडित अनिल शर्मा के निर्देशन में अनुराग द्विवेदी, गोपाल भूतड़ा, गोपाल पोरवाल, यश टेलर, महेंद्र राजावत, आशा पोखरना और रेखा समदानी ने की।
मेवाड़ महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष गोपाल भूतड़ा के अनुसार, नवरात्रि के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के युवा संत दिग्विजय रामजी महाराज, वरिष्ठ पार्षद भोलाराम प्रजापत, समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, संरक्षक आशा पोखरना, सचिव लीला आगाल और मुंबई के भामाशाह ललित काबरा एवं अशोक काबरा ने मौली बंधन खोलकर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डांडिया की खनक और पारंपरिक परिधानों ने बांधा समां
महोत्सव के पहले दिन डांडिया की खनक, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान और भव्य महाआरती आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं, युवतियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही गुजराती गीतों की धुनें गूंजीं, डांडिया की ताल पर थिरकते प्रतिभागियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। माता की आराधना और सांस्कृतिक रंगों से सजे आयोजन में श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।
आज राजस्थान की पहली भव्य भजन क्लबिंग संध्या-
मेवाड़ महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष अनुराग द्विवेदी ने बताया कि सांसद सीपी जोशी की प्रेरणा से आज राजस्थान की पहली भव्य भजन क्लबिंग संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में साधु लाइव बैंड, भजन लोक कलाकार छोटू सिंह रावणा और फिल्म ‘हनुमान’ से जुड़े कलाकारों की पूरी टीम प्रस्तुतियां देगी। आयोजकों के अनुसार, भक्ति संगीत और आधुनिक संगीत शैली के संगम से सजी यह संध्या युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का प्रयास है।
ऑनलाइन 10 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन का दावा-
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए अब तक ऑनलाइन 10 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। विभिन्न क्षेत्रों से युवाओं की टोलियां कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्साहित हैं। प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा और बैठक व्यवस्था ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। आयोजकों ने दर्शकों से समय पर पहुंचने की अपील की है।
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, श्रीचंद कृपलानी, सहकारिता मंत्री गौतम दक, विधायक अर्जुन जीनगर और सुरेश धाकड़ सहित जिले के कई जनप्रतिनिधियों के अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
आयोजन को भव्य बनाने के लिए समितियां गठित-
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तैयारियों का जायजा लेने वालों में सभापति अनिल ईनाणी, पूर्व सभापति सुशील शर्मा, पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह राठौड़, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, कार्यक्रम संयोजक एवं मेवाड़ महोत्सव समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव लीला आगाल, बांसवाड़ा जिला प्रभारी कमलेश पुरोहित, वरिष्ठ पार्षद भोलाराम प्रजापत, शैलेंद्र झवर, अविनाश शर्मा, प्रदीप काबरा, अनुराग द्विवेदी, गोपाल भूतड़ा, बलजीत सिंह सोनी, सन्नी सुखवाल, हिमांशु जाजू, यश टेलर, अनुराग बांगड़, विकास गंगवाल, प्रिंस शर्मा, अभिमन्यु महेश्वरी, अभिषेक व्यास, अभिषेक मूंदड़ा, गोपाल पोरवाल, बंटी शर्मा, आयुष माहेश्वरी, अर्पित छिपा, हर्षवर्धन सिंह चौहान, बादल शर्मा, संतोष सोनी, हिमांशु बनवार, सीमा सुखवाल, भावना आगाल, ज्योति तिवारी, प्रिया व्यास, एडवोकेट अंजलि गोस्वामी, राधा काबरा और सुहानी असावा सहित अन्य कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
‘जयकारा-2026’ के पहले दिन मिले उत्साह के बाद अब सभी की निगाहें आज होने वाली भव्य भजन क्लबिंग संध्या पर टिकी हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन श्रद्धा, संगीत और सांस्कृतिक उत्सव के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं को आकर्षित करेगा।