नीमच। अफीम उत्पादक किसानों के लिए नई अफीम नीति को लेकर भारतीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अफीम नीति की घोषणा बहुत जल्द की जाएगी। उनके इस बयान के बाद किसानों की निगाहें अब सरकार की आगामी घोषणा पर टिकी हैं।
न्यूयॉर्क में भारत सरकार के प्रतिनिधिमंडल के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर लौटे बंशीलाल गुर्जर का सोमवार को नीमच के मैसी शोरूम चौराहे पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद विधायक निवास पर मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने अफीम नीति को लेकर यह बात कही।
गौरतलब है कि अफीम उत्पादक किसान लंबे समय से नई नीति का इंतजार कर रहे हैं। किसानों को उम्मीद है कि नई नीति में लाइसेंस संबंधी समस्याओं और खेती से जुड़ी उनकी मांगों पर ध्यान दिया जाएगा। हालांकि, नीति की घोषणा की तारीख और उसमें शामिल प्रावधानों को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।