चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सराहनीय कार्य के लिए मंदसौर जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने डीएसटी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सूरज कुमार सहित टीम के पांच पुलिसकर्मियों को 2 हजार रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 285/2023 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत आरोपी लेरूलाल पिता मोहनलाल अहिर, निवासी जालमपुरा, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़, फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 21 फरवरी 2024 को 2 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी।
चित्तौड़गढ़ डीएसटी टीम ने 18 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए मल्हारगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द किया। इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल अशोक, अरविन्द, कृष्णकांत और विरेन्द्र की भूमिका रही।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सक्रियता और सराहनीय पुलिसिंग के लिए टीम को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।