निम्बाहेड़ा। राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में वंडर सीमेंट लिमिटेड की व्यावसायिक एवं हुनर प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक श्रीचंद कृपलानी, वंडर सीमेंट के यूनिट हेड नितिन जैन, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, नगर परिषद सभापति शिल्पा भूतड़ा और उपसभापति निलेश मेहता (बी.एम.) ने किया।
इस अवसर पर यूनिट हेड नितिन जैन ने अतिथियों को बताया कि वंडर सीमेंट की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित व्यावसायिक प्रदर्शनी के माध्यम से मेले में आने वाले लोगों को सीमेंट की तकनीक और गुणवत्ता से संबंधित जानकारी दी जाती है। साथ ही, विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।
अतिथियों ने वंडर सीमेंट द्वारा संचालित ‘हुनर’ कार्यक्रम की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया। जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत महिलाओं को मेन्सवेयर और डिजाइनर सिलाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वंडर सीमेंट रूरल डेवलपमेंट सेंटर में प्रशिक्षित महिलाओं को सिलाई और बुनाई का नियमित कार्य भी दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय दशहरा मेले में प्रदर्शित वंडर हुनर स्वयं सहायता समूह के उत्पाद ग्रामीण महिलाओं के कौशल और आत्मनिर्भरता का उदाहरण हैं। इस पहल से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।
जैन ने बताया कि वंडर सीमेंट रूरल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को विषय आधारित निःशुल्क कोचिंग, नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी तथा युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने वंडर सीमेंट की ओर से प्रदर्शित पंचफल सहित अन्य मॉडलों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में पार्षद विक्रमादित्य खेरोदिया, अनीता सोनी, महिपाल सिंह राणावत, कैलाश सेन, पुष्कर चीनी सोनी, कालू सेन, पूर्व उपप्रधान अशोक जाट, भाजपा नेता देवकरण समदानी, विशाल सोनी, निलेश भूतड़ा, गोपाल पंचोली, लक्की आहूजा, आशीष भूतड़ा सहित वंडर सीमेंट के सीएसआर सीनियर ऑफिसर राहुल व्यास, प्रबंधक (भूमि) शैलेंद्र सिंह शक्तावत, नागेंद्र सिंह चुंडावत, बनवारी लाल कुमावत, राहुल दुबे और कर्माकंवर सोलंकी मौजूद रहे। शहर के गणमान्य नागरिक और पत्रकार भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एडवाइजर अनिल सोमानी ने किया। कार्यक्रम के अंत में आर.के. मार्बल के संस्थापक कंवरलाल पाटनी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।