नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय यूथ एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव का आयोजन ग्राम कनावटी स्थित होटल सनराइज ग्रैंड में किया गया। कॉन्क्लेव में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप संचालकों, नवाचार के क्षेत्र में कार्यरत युवाओं और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में निवेश, औद्योगिक विकास, स्टार्टअप और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही युवाओं को उद्यमिता, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
औद्योगिक विकास में अग्रणी नीमच, दो क्लस्टरों का कार्य पूर्ण-
जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने नीमच जिले में हो रहे औद्योगिक विकास की सराहना करते हुए कहा कि जिले में दो औद्योगिक क्लस्टरों का विकास कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दो अन्य क्लस्टरों में काम जारी है। उन्होंने उद्योगों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने जिले में सड़क, बिजली और जल उपलब्धता सहित औद्योगिक क्षेत्र के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने उद्योगपतियों से जिले में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाकर निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक प्रगति की जानकारी देते हुए उद्योगपतियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने युवाओं से नवाचार और उद्यमिता से जुड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
उद्योगपतियों और स्टार्टअप संचालकों ने साझा किए अनुभव-
कॉन्क्लेव में नेक्स्ट अप इंडस्ट्री के हितेश रोहिड़ा और मालवा पेट्रो प्रोडक्ट इंडस्ट्री के पीयूष बांगड़ ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए। फिनसिट स्टार्टअप के पीयूष कड़ावत ने स्टार्टअप योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सूरज कुशवाह ने अपने द्वारा विकसित ऐप और स्टार्टअप के बारे में बताया।
उद्योगपतियों ने जिले में निवेश के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मिल रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने युवाओं को स्वयं का उद्योग या व्यवसाय स्थापित करने तथा नवाचार को उद्यमिता से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
विभागीय सत्रों में योजनाओं और ऋण सुविधाओं की जानकारी-
कॉन्क्लेव में विभिन्न विभागों के सत्र आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं और उद्यमियों को शासकीय योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं और व्यवसाय स्थापित करने की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
एपीडा, भोपाल के ऋषभ शर्मा ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निर्यात संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। एमपीआईडीसी, उज्जैन के विनय तोमर ने मध्यप्रदेश निर्यात योजना-2025 के प्रावधान प्रस्तुत किए। कौशल विकास विभाग के राजेंद्र प्रजापति ने जिले में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी।
एमएसएमई विभाग की योगिता भटनागर ने जिले के औद्योगिक परिदृश्य और एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025 के बारे में बताया। नाबार्ड के योगेंद्र सैनी ने बैंक ऋण प्रक्रिया और सिबिल स्कोर से संबंधित जानकारी दी। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक के मोहित चौधरी ने डिजिटल ऋण प्रक्रिया और जनसमर्थ पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी साझा की।
विद्यार्थियों ने कहा- उद्यमिता के लिए मिली नई प्रेरणा
कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विद्यार्थियों से संवाद कर कॉन्क्लेव से मिली जानकारी और उनके अनुभवों पर फीडबैक लिया। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें स्टार्टअप, कौशल विकास, बैंक ऋण सुविधाओं और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में नई जानकारी मिली है। उन्होंने भविष्य में स्वयं का व्यवसाय या उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन मंजुला धीर ने किया, जबकि संजय विश्वकर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, वंदना खंडेलवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि, स्टार्टअप संचालक, नवाचार से जुड़े युवा और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।