दतिया। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दतिया पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों से फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत चावला के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
फ्लैग मार्च भैरव मंदिर से प्रारंभ होकर तिगैलिया, टाउन हॉल, बड़ा बाजार, पटवा तिराहा, किला चौक और दारूगर की पुलिया होते हुए राजगढ़ चौराहे पर संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर
दतिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने, शांति प्रभावित करने अथवा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों और रहवासी क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ ही प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग भी की जा रही है।
फ्लैग मार्च में करीब 100 पुलिसकर्मी रहे शामिल
फ्लैग मार्च में एसडीओपी भांडेर पूनम चंद्र यादव, कोतवाली, सिविल लाइन, गोराघाट, बड़ौनी, चिरूला और सिनावल के थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी, रक्षित निरीक्षक सहित करीब 100 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस की आमजन से अपीलरू नवरात्रि एवं दशहरा पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।