शिवपुरी। जिले के पोहरी में पहली बार पुलिस अधीक्षक स्तर पर थाना परिसर में बैठकर आम जनता की समस्याएं सुनने की पहल की गई। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने सोमवार शाम पोहरी थाना परिसर में पहुंचकर ग्रामीणों एवं नगरवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा पीड़ितों को जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा तहसील एवं ग्रामीण क्षेत्र के थाने में टेंट लगाकर आमजन के बीच पहुंचकर जनसुनवाई किए जाने को क्षेत्र में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता और धैर्य के साथ सुनी तथा कुछ मामलों में मौके पर ही निराकरण का प्रयास किया।
इस दौरान मीडिया द्वारा पोहरी नगर की यातायात व्यवस्था एवं ट्रैफिक की समस्या को भी पुलिस अधीक्षक के सामने रखा गया। इस पर उन्होंने समस्या को संज्ञान में लेते हुए यातायात व्यवस्था को दिखवाने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्या सुनना और उसका समाधान करना पुलिस की जिम्मेदारी है। आमजन को अपनी समस्या लेकर परेशान न होना पड़े, इसके लिए पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है।
जनसुनवाई के दौरान एसडीओपी आनंद राय, थाना प्रभारी रवि चौहान, चौकी प्रभारी सीमा धाकड़, हरदेश पारसर सहित पुलिस विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।